हवलदार दर्शन सिंह के 4 हत्यारोपियों को पुलिस ने एनकाऊंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एनकाऊंटर में पुलिस की फायरिंग में एक आरोपी परमजीत सिंह पम्मा को गोली लगी। पम्मा इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी है। उसने पुलिस पर फायर किया था। इसके बाद पुलिस की चलाई गोली उसे जा लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया बरनाला पुलिस ने इन आरोपियों को पकड़ा है। इनसे एक पिस्टल और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उनके बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि 22 अक्टूबर को बरनाला के एक रेस्तरां में बकाया बिल को लेकर वहां खाना खाने आए चार कबड्डी खिलाड़ियों का रेस्तरां कर्मचारियों से झगड़ा हो गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची,
जिसके बाद हेड कांस्टेबल दर्शन सिंह और अन्य पुलिसकर्मी जब कबड्डी खिलाड़ियों को थाने ले जाने के लिए गाड़ी में बैठाने लगे तो आरोपियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस हमले में हेड कांस्टेबल दर्शन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई

