विजिलेंस टीम ने धर्मकोट थाना में तैनात इंस्पेक्टर को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार उसका ट्राला चोरी हो गया था। चोरों का सुराग लग गया। मगर चोरों से ट्राला बरामद करने की एवज में इंस्पेक्टर ने एक लाख रुपये रिश्वत मांगी। मामला 80 हजार में तय हुआ।
विजिलेंस फिरोजपुर के एसएसपी गुरमीत सिंह ने बताया कि सुखविंदर सिंह निवासी नूरपुर हकीमा जिला मोगा ने शिकायत की थी कि चोरों से उसका ट्राला बरामद करने की एवज में धर्मकोट थाना में तैनात इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह भुल्लर एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है। सौदा 80 हजार रुपये में तय हुआ है।
पहली किश्त इंस्पेक्टर को 50 हजार रुपये की दी और दूसरी किश्त 20 हजार रुपये की दी। अब तीसरी किश्त 10 हजार रुपये की मांग रहा है। विजिलेंस के डीएसपी राजकुमार की अगुवाई में टीम ने धर्मकोट थाने में ही इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया। विजिलेंस थाना फिरोजपुर ने इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

